अंबेडकरनगर। टेंट हाउस की दुकान में महिला की जलकर मौत के मामले में पुलिस ने बेटे की तहरीर पर ही आखिरकार पिता के विरुद्ध हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अमर उजाला ने महिला की मौत के बाद से इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया और बेटे की तहरीर पर मुकदमा न लिखने का मुद्दा भी उठाया। इसका संज्ञान लेते हुए एसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए हैं।
थाना क्षेत्र आलापुर के अखलासपुर गांव में मिथलेश की टेंट हाउस की दुकान में बीती आठ मार्च को संदिग्ध हालात में आग लग गई थी। इस दौरान दुकान में मौजूद मिथलेश की पत्नी वंदना की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के दिन ही महिला के बड़े पुत्र अर्पित (15)ने पुलिस को तहरीर देकर पिता पर हत्या का आरोप लगाया था।
48 घंटे बीत जाने के बाद भी केस दर्ज नहीं हुआ तो सोमवार को अर्पित ने सोमवार को एसपी केशव कुमार से मुलाकात की थी। अर्पित ने बताया था कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस केस नहीं दर्ज कर रही है। पिता ने घटना के अर्पित को पुलिस से कुछ न बताने का दबाव बनाया था। इस खबर को अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में प्रकाशित किया। इसका संज्ञान लेकर एसपी के निर्देश पर आरोपी पिता के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी आलापुर राकेश कुमार ने बताया कि हत्या समेत अन्य धाराओं मेंं केस दर्ज कर लिया गया है। तलाश में दबिश दी जा रही है।
n बेटी की मौत के बाद बिगड़ी पिता की तबीयत : लखनऊ से दिल का इलाज करा रहे वंदना के पिता बृजलाल चौहान की आठ मार्च को बेटी की हत्या के बाद तबीयत और बिगड़ गई है। उनका बीपी लो हो गया है। मंगलवार को बेटी के हत्यारे पर केस दर्ज होने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली है।