अंबेडकरनगर। रक्तदान महादान है, किसी की जिंदगी बचाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। इस पुण्य कार्य में सभी को बढ़ चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। रक्तदान से शरीर को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होता है, बल्कि इससे शरीर स्वस्थ होता है। यह बातें सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने जिला अस्पताल परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में कही। कार्यक्रम में 60 रक्तदानियों व रक्तदान से जुड़ी रहने वाली संस्थाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
बीते दिनों रक्तदान करने में बढ़ चढ़कर भागीदारी करने वाले दानियों का उत्सावर्धन करने के लिए शनिवार को जिला अस्पताल परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि रक्तदान करना पुण्य का कार्य है। किसी की जिंदगी बचाने की सुखद अनुभूति खास होती है। अमर उजाला फाउंडेशन, संकल्प फाउंडेशन, युवा फाउंडेशन, पंख एक उड़ान, कबीर फाउंडेशन समेत अन्य संगठनों व युवा रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके योगदान का ही नतीजा है कि कभी किसी को रक्त की कमी के चलते जान नहीं गंवानी पड़ी है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, संकल्प फाउंडेशन के आशीष पांडेय, सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र यादव, पंख एक उड़ान के अंशू बग्गा के अलावा अमर उजाला फाउंडेशन को प्रमाणपत्र के साथ स्मृति चिन्ह् देकर सम्मानित किया गया। रक्तदान में भागीदारी करने वाले 60 नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. मनोज शुक्ला, डॉ. एमके त्रिपाठी, शंशाक शेखर सिंह, दीप्ति द्विवेदी, अर्शिया शबनम आदि मौजूद रहे।