अंबेडकरनगर के लोहिया भवन में बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर आयोजित तैयारी बैठक में भाग लेते केंद्र
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। छह जुलाई को जिले के 43 केंद्रों पर होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा को सकुशल निपटाने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। इस संबंध में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन सभागार में एडीएम अशोक कुमार कनौजिया की अध्यक्षता में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक हुई। इसमें निर्देशित किया गया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पूरी गंभीरता दिखाई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बीएड प्रवेश परीक्षा मेें शामिल होने वाले 17 हजार 200 परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए जिले के अलग-अलग क्षत्रों में कुल 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकलविहीन निपटाने के लिए 86 पर्यवेक्षक, 43 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 22 केंद्र प्रतिनिधि की तैनाती की गई है। दो पालियों में होने वाली परीक्षा नौ से 12 बजे, जबकि दो से पांच बजे तक होगी।
इस बीच परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए एडीएम ने लोहिया भवन में आयोजित बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। जिम्मेदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि समय रहते सभी परीक्षा केंद्र पर शौचालय, प्रकाश व पेयजल की समुचित व्यवस्था कर ली जाए। सीसीटीवी कैमरे यदि कहीं गड़बड़ हों, तो उन्हें अविलंब दुरुस्त कराया जाए।
नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए न सिर्फ केंद्र के मुख्य गेट, बल्कि परीक्षा कक्ष में भी सघन जांच की जाए। परीक्षा के दौरान कोविड-19 गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाए। इस मौके पर एएसपी संजय राय, परीक्षा प्रभारी डॉ. सुचिता पांडेय, डीआईओएस प्रवीण कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।