अंबेडकरनगर में गिरफ्तार हथियार तस्कर के कब्जे से बरामद अवैध पिस्टल।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। एसटीएफ व टांडा कोतवाली पुलिस टीम ने सोमवार को अवैध असलहा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के पास से 9 पिस्टल व 18 मैगजीन बरामद करने का दावा किया है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। देवरिया जनपद निवासी आरोपी ने पूछताछ में अवैध हथियारों की तस्करी की जानकारी दी है। बताया कि वह मध्य प्रदेश से 18-19 हजार रुपये में पिस्टल खरीदता है। इसके बाद अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उन्हें 25 से 30 हजार रुपये में अलग-अलग जनपदों में बेच देता था।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने के साथ ही अपराधियों की धरपकड़ कर रही है। इस बीच सोमवार को सुबह एसटीएफ व टांडा कोतवाली पुलिस टीम ने हाईवे पर धर्मनगर के पास छापा मारा। यहां से टीम ने देवरिया जनपद के मोहल्ला कस्बा थाना लार निवासी नईम उल्ला उर्फ सुड्डू को गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से पुलिस ने 9 पिस्टल व 18 मैगजीन बरामद की हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने अवैध असलहों की तस्करी की बात स्वीकार की। बताया कि वह मध्य प्रदेश के खारगोन से 18-19 हजार रुपये में पिस्टल खरीदता है। इसके बाद अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर 25 से 30 हजार रुपये में देवरिया, गोरखपुर सहित अन्य जनपदों में बेचता है। एसपी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
अंबेडकरनगर में गिरफ्तार हथियार तस्कर के बारे में जानकारी देते एसपी आलोक प्रियदर्शी।- फोटो : AMBEDKAR NAGAR