अंबेडकरनगर। मौसम के तल्ख होते तेवर से बढ़ रही तपिश व गर्मी से अस्पतालों में हीट स्ट्रोक व उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। ओपीडी में जुटने वाली मरीजों की भीड़ से डाक्टरों को दिखाने और काउंटर से दवा पाने में मरीजों व तीमारदारों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। सामान्य दिनों में ओपीडी में होने वाली मरीजों की संख्या का आंकड़ा बुधवार को 700 से बढ़कर 1309 मरीजों तक पहुंच गया। इसमें उल्टी, दस्त व पेटदर्द के मरीज बड़ी तादाद में सामने आ रहे हैं। दूसरी तरफ बढ़ते तापमान को देखते हुए डायरिया के प्रकोप पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन भी शुरू किया है।
बुधवार को सुबह आठ बजे से ही ओपीडी पर्चा काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लगने लगी थी। मरीजों की तादात बढ़ने के कारण पर्चा कटवाने में मरीजों को घंटों लाइन में लग कर इंतजार करना पड़ा। फिजिशियन कक्ष, बाल रोग विशेषज्ञ तथा सर्जन कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। इंजेक्शन कक्ष, पर्चा काउंटर व दवा वितरण काउंटर के बाहर भी काफी तादात में मरीज अपनी बारी का इंतजार करते लाइन में लगे दिखे।
बीते कुछ दिनों से तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी के कारण गर्मी व उमस का प्रकोप भी बढ़ा है। इसके चलते ही उल्टी, दस्त व पेट दर्द के मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। इसमें उल्टी, दस्त व पेट दर्द के मरीजों की संख्या अधिक है। जिला अस्पताल में 4 फिजिशियन डॉ. डीपी वर्मा, डॉ. मनोज शुक्ला, डॉ. योगेश वर्मा व डॉ. विवेक पांडेय लगातार मरीजों के इलाज व परीक्षण में जुटे हैं। इनके साथ ही बाल रोग विशेषज्ञ के तौर पर डा आरके सिंह, डा सतीश, डा आरके वर्मा की भी तैनाती है।
वरिष्ठ चिकित्सक डा डीपी वर्मा ने कहा कि सावधानी बरतने से ही संचारी रोगों पर अंकुश पाया जा सकता है। मौजूदा समय में दिन प्रतिदिन तापमान में वृद्घि हो रही है। इसका स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में साफ सफाई के साथ ही खान पान पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। कहा कि घर से बाहर निकलने के दौरान पानी पीकर निकलें। समय समय पर नीबू पानी लेते रहें। कड़ी धूप से घर पहुंचने पर तत्काल पानी न पीएं। कुछ देर आराम से बैठने के बाद ही पानी पीएं। गर्मी में दूध से बनी सामग्रियों का ही सेवन करें। खान पान पर विशेष ध्यान दें। तेल मसाले वाले भोजन से बचें। यदि तनिक भी तबियत खराब होती है, तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश का कहना है कि लगातार गर्मी बढ़ने व मौसम बदलने से जिला अस्पताल में ओपीडी बढ़ी है। प्रतिदिन लगभग 1300 मरीजों की ओपीडी हो रही है। मरीजों को इलाज में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।