अंबेडकरनगर के अशोक स्मारक पीजी कॉलेज में आयोजित खेल प्रतियोगिता में जीत के बाद प्रमाण पत्र के सा
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। पूर्व सांसद स्व. रामपियारे सुमन की पुण्य तिथि के अवसर पर मंगलवार को डॉ. अशोक कुमार स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रांगण में महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। उर्मिला सुमन द फाउंडेशन व आरपीएस चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में डॉ. एके पब्लिक स्कूल की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बेहतर प्रदर्शन के लिए श्रेया सिंह को वीमेन ऑफ द मैच, जबकि आस्था को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए मनोबल बढ़ाया। बाद में महिला सशक्तिकरण पर वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात अतिथियों ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय जाना। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला डॉ. एके पब्लिक स्कूल व डॉ. अशोक कुमार इंटर कॉलेज की टीम के बीच हुआ। एके पब्लिक स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 10 ओवर के मैच में 3 विकेट खोकर 100 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डॉ. अशोक कुमार इंटर कॉलेज की टीम सभी विकेट खोकर 82 रन ही बना सकी।
एके पब्लिक स्कूल की टीम को विजेता घोषित किया गया। एके पब्लिक स्कूल की कप्तान आस्था को नाबाद 49 रन के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के खिताब से सम्मानित किया, जबकि इसी टीम की श्रेया सिंह को तीन विकेट हासिल करने के लिए वीमेन ऑफ द मैच, जबकि मानसी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ट्रॉफी व टीम के सदस्यों को मेडल व पौधे भी सौंपे गए। संस्था सदस्य संजीव गुप्त व निदेशिका डॉ. प्रतिमा दास ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।
महिला सशक्तिकरण पर वक्ताओं ने अपने विचार भी प्रकट किए। एके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की संरक्षक रेणु वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में परिवार, समाज व देश की प्रगति में नारी का सराहनीय योगदान है। इसलिए पूरी दुनिया नारी सशक्तिकरण का बिगुल बजा रही है। एके ग्रुप के प्रबंधक अभिनव वर्मा ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। जरूर सिर्फ उन्हें अवसर प्रदान करने की है। छात्राओं ने जिस प्रकार टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा दिखाई, वह सराहनीय है। रीता प्रकाश मणिकर्णिका ने कहा कि कामकाज के साथ खेल के मैदान में भी बेटियां जलवा दिखा रही हैं। संस्था सचिव राजन सुमन ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। कहा कि मौजूदा परिवेश में किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले स्वयं के ऊपर लागू करना चाहिए। संचालन यूथ आइकान प्रवीण गुप्त ने किया। इस मौके पर संध्या सिंह, राजन कपूर, मंगेश कुमार मन, रजनीश, पिंटू, रवि अग्रहरि, विकल्प मिश्र, शिवम, अंजू व सुमन आदि मौजूद रहे।