अंबेडकरनगर के बीएन इंटर कॉलेज से टीजीटी परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले में एक केंद्र को छोड़कर शेष 14 केंद्रों पर शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से टीजीटी परीक्षा संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 11573 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। इसकी तुलना में 1823 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। ऐसे में 9750 परीक्षार्थियों ने संबंधित केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा दी। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया गया।
जिले में दो पालियों में होने वाली टीजीटी परीक्षा शनिवार को आमतौर पर सकुशल निपटी। वैसे तो पहली पाली की परीक्षा साढ़े नौ बजे से प्रारंभ होनी थी, लेकिन परीक्षार्थियों का सुबह लगभग आठ बजे से ही संबंधित केंद्र पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शासन के दिशा निर्देशानुसार कोरोना संकट को देखते हुए परीक्षार्थियों को केंद्र पर प्रवेश करने से पहले उन्हें न सिर्फ पूरी तरह सैनिटाइज किया गया, बल्कि मास्क की अनिवार्यता को भी सुनिश्चित कराया गया। परीक्षा कक्ष में भी सोशल डिस्टेंसिंग का इस दौरान ध्यान रखा गया। जिले के 15 केंद्रों पर होने वाली टीजीटी परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए 5 जोनल मजिस्ट्रेट, 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 17 पर्यवेक्षक व 17 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। परीक्षा प्रारंभ हुई तो इसे शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए जिम्मेदार लगातार परीक्षा पर पैनी निगाह रखे हुए थे।
डीआईओएस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पहली पाली में पंजीकृत 7 हजार 656 परीक्षार्थियों की तुलना में 6 हजार 256 ने संबंधित केंद्र पर परीक्षा दी। ऐसे में प्रथम पाली में 1400 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 3 हजार 917 परीक्षार्थियों की तुलना में 3 हजार 494 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 423 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। ऐसे में दोनों पालियों में पंजीकृत 11573 की तुलना में 9750 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 1823 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उधर, डीआईओएस उदयप्रकाश मिश्र ने बताया कि शनिवार को एक परीक्षा केंद्र को छोड़कर अन्य सभी परीक्षा केंद्र पर सुचारु रूप से परीक्षा निपटी। बताया कि रविवार को भी होने वाली परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।