फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षकों पर है राष्ट्र निर्माण की अत्यन्त प्रमुख जिम्मेदारी

विज्ञापन
विज्ञापन
विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा विकास खंड क्षेत्र के अवसानपुर गांव में मंगलवार को राष्ट्र निर्माण में शिक्षा और शिक्षक की भूमिका विषय पर शैक्षिक गोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें वक्ताओं ने शिक्षा व शिक्षक के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा गया कि शिक्षा समाज की जरूरत होने के साथ साथ राष्ट्र निर्माण के लिए भी जरूरी है। वहीं शिक्षक अपने बेहतर कार्य प्रणाली के दम पर न सिर्फ समाज को एक नई दिशा प्रदान करता है, बल्कि छात्र छात्राओं में ऐसे गुणों का विकास करता है, जिसके बल पर समाज की दशा व दिशा तय होती है।
विज्ञापन


कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी प्रवक्ता डॉ. मनीराम वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीपार्चन कर किया। कहा कि शिक्षक का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा देने तक सीमित नही होता। शिक्षक समाज का वह स्रोत होता है, जो समाज व देश का भविष्य तय करने में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करता है। सही मायने में कहा जाए तो एक शिक्षक ही अपने विद्यार्थियों का जीवन गढ़ता है और समाज व राष्ट्र को एक आधार प्रदान करने में सक्षम होता है।

विशिष्ट अतिथि अंजनी कुमार वर्मा ने कहा कि गुरू या शिक्षक का संबंध केवल विद्यार्थी को शिक्षा देने से ही नही होता, बल्कि वह अपने विद्यार्थी को हर मोड़ पर राह दिखाता है और उसका हाथ थामने के लिए हमेशा तैयार रहता है। कहा कि किसी भी राष्ट्र की शिक्षा नीति बेकार हो, लेकिन एक शिक्षक असफल शिक्षा नीति को भी अच्छी शिक्षा नीति में तब्दील कर देता है। मोटे तौर पर कहा जाए तो शिक्षक ही समाज का आइना होता है, जो कमियों को पहचानकर उसे दूर करने में अपनी अहम भूमिका निभाता है।
विज्ञापन


प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद चौबे ने कहा कि शिक्षक छात्र छात्राओं में देश भक्ति की भावना का निर्माण करता है। गोष्ठी को डॉ. अखिलेश वर्मा, निरप्रसाद, रामलाल पांडेय व सदानंद पांडेय आदि ने भी संबोधित किया। अंत में विद्यालय प्रबंधक अखिलेश कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस मौके पर ईश्वर चंद्र वर्मा, रामलाल, प्रदीप पांडेय, जमुना प्रसाद पांडेय, किरण वर्मा, अर्जुन, अर्चना पांडेय, निशा व प्रज्ञा आदि मौजूद रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें