अंबेडकरनगर। शासन के निर्देश पर गत दिवस चले अभियान में अनुपस्थित मिले 3 प्रधानाध्यापक व 15 सहायक अध्यापकों का एक दिन का वेतन, 11 शिक्षामित्र व 8 अनुदेशकों का एक दिन का मानदेय काटने का निर्देश डीएम ने दिया है। एकसाथ बड़े पैमाने पर हुई कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य की गुणवत्ता परखने व योजनाओं की स्थिति जानने के लिए शासन के निर्देश पर राजस्व विभाग, पंचायतीराज विभाग व जनपदस्तरीय टास्क फोर्स की अलग अलग टीम ने एकसाथ अभियान चलाकर विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया था। इसमें कुल 37 प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र व अनुदेशक बगैर किसी सूचना के अनुपस्थित मिले थे। बाद में टीमों ने जांच रिपोर्ट बीएसए के माध्यम से जिलाधिकारी को उपलब्ध करा दिया था। निरीक्षण के बाद से ही उम्मीद जताई जा रही थी कि संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच जांच रिपोर्ट मिलने के बाद शनिवार को जिलाधिकारी ने निरीक्षण में अनुपस्थित मिले 3 प्रधानाध्यापक व 15 सहायक अध्यापकों का एक दिन का वेतन तथा 11 शिक्षामित्र व 8 अनुदेशकों का एक दिन का मानदेय काटे जाने का निर्देश बीएसए को दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं का अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ मिले, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उधर बड़े पैमाने पर हुई कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप का माहौल है। उधर बीएसए अतुल कुमार सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश के बाद आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।