फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

119 बैंक शाखाओं में लटके रहे ताले, 30 करोड़ का लेनदेन हुआ प्रभावित

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। वेतन वृद्धि को लेकर आल इंडिया बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को विभिन्न बैंकों की 119 शाखाओं के कर्मचारी कार्य का बहिष्कार कर हड़ताल पर रहे। दो दिनी हड़ताल के पहले दिन बैंकों के मुख्य गेट पर ताला बंद कर कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया। कहा गया कि मात्र 2 प्रतिशत ही वेतन वृद्धि की गई है, जबकि कम से कम 12 प्रतिशत वृद्धि किया जाना चाहिए था। फिलहाल तो दो दिवसीय हड़ताल की गई है, लेकिन यदि शीघ्र ही इस तरफ ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। हड़ताल के चलते पहले दिन लगभग 30 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ।
विज्ञापन

गौरतलब है कि आल इण्डिया बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर 30 व 31 मई को हड़ताल का आह्वान किया था। केंद्रीय आह्वान पर बुधवार को जिले के विभिन्न बैंकों के 176 शाखाओं के सापेक्ष 119 शाखाओं के कर्मचारी कार्य का बहिष्कार कर हड़ताल पर रहे। मात्र 48 ग्रामीण बैंक, 3 भूमि विकास बैंक व 6 कोआपरेटिव बैंक में ही कार्य हुआ। 119 बैंकों के कर्मचारी बुधवार सुबह संबंधित शाखाओं में पहुंचे, लेकिन काम करने की बजाए मुख्य गेट पर ताला जड़कर धरने पर बैठ गए। अकबरपुर नगर के नई सड़क स्थित एचडीएफसी बैंक के निकट कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर हक की आवाज बुलंद की। नेतृत्व कर रहे कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष आत्माराम मिश्र ने कहा कि कर्मचारियों का मात्र 2 प्रतिशत वेतन वृद्धि की गई है, जबकि कम से कम 12 प्रतिशत वेतन वृद्धि की जानी चाहिए थी। 2 प्रतिशत वेतन वृद्धि से कुछ होने वाला नहीं है।
वक्ताओं ने कहा कि समुचित वेतन वेतन वृद्धि न होने से कर्मचारियों का हक मारा जा रहा है। बढ़ती महंगाई को देखते हुए कम से कम 12 प्रतिशत वेतन वृद्धि की जानी चाहिए थी। चेतावनी दी गई कि फिलहाल वेतन वृद्धि की मांग को लेकर दो दिनी हड़ताल है, लेकिन यदि शीघ्र ही उनकी मागों का निस्तारण नहीं हुआ, तो बड़ा व निर्णायक आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस दौरान देवेंद्र, अनूप कुमार, मुकेश राय, रणजीत, अजय कुमार आदि मौजूद रहे। कई अन्य बैंक शाखाओं पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस बीच बैंकों में हड़ताल से लेनदेन पर व्यापक असर पड़ा। नकद लेनदेन प्रभावित होने के साथ ही चेक व अन्य माध्यमों से होने वाला लेनदेन भी ठप रहा। हड़ताल के चलते बुधवार को पूरे जिले में लगभग 30 करोड़ रुपये का बैंकिंग लेनदेन प्रभावित हुआ।
विज्ञापन


निराश होकर बैंकों से लौटना पड़ा वापस
बैंकों में हड़ताल के चलते बुधवार को धननिकासी व जमा करने समेत विभिन्न कार्यों से बैंक पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की मुश्किलें उठानी पड़ी। अकबरपुर नगर स्थित एचडीएफसी बैंक में धननिकासी के लिए पहुंचे सुरहुरपुर निवासी पुनीत शर्मा ने कहा कि उन्हें हड़ताल के बारे में जानकारी नहीं थी। एक दिन पहले भी वह आए थे, लेकिन यहां हड़ताल संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना नहीं थी। लंबी दूर तय कर यहां पहुंचने पर हड़ताल की जानकारी हुई। अब बगैर धननिकासी के ही वापस लौटना पड़ रहा है। अकबरपुर निवासी उदयभान तिवारी ने कहा कि वह बैंक ऑफ बड़ौदा मुख्य शाखा में धननिकासी के लिए गया हुआ था। हड़ताल होने पर उसे मायूस होकर लौटना पड़ा। एसबीआई मुख्य शाखा पर बैंक संबंधित कार्य से पहुंचे रामपट्टी निवासी रामलखन ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हड़ताल थी, तो इसकी जानकारी पहले से ही उपभोक्ताओं को दी जानी चाहिए। एसबीआई मुख्य शाखा पर ही मिले हीतेपुर गांव निवासी अमित कुमार ने कहा कि उन्हें धनराशि जमा करना था। हड़ताल के चलते जमा नहीं हो सका। ऐसे में बगैर काम हुए ही अब वापस लौटना पड़ रहा है।

हड़ताल से प्रभावित हुआ लेनदेन
बुधवार को पहले दिन हड़ताल पूरी तरह सफल रही। विभिन्न बैंकों के 119 बैंक शाखाओं के कर्मचारी पूरी तरह हड़ताल पर रहे। इससे लगभग 30 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। -अरुण कुमार सिंह, एलडीएम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें