अंबेडकरनगर। सरचार्ज में छूट की योजना के दूसरे चरण के समापन से एक दिन पहले अकबरपुर विद्युत वितरण खंड के 1125 उपभोक्ताओं ने छूट का लाभ उठाते हुए सवा करोड़ रुपये के बकाया बिल का भुगतान किया। आधा दर्जन स्थानों पर कैंप लगाने के साथ ही अकबरपुर खंड कार्यालय पर बिल जमा करने के लिए 10 काउंटर संचालित किए गए।
प्रदेश सरकार ने आठ नवंबर को बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए सरचार्ज में छूट की योजना की घोषणा की थी। इस बार बिजली चोरी करते पकड़े गए उपभोक्ताओं को भी छूट के दायरे में शामिल किया गया है। छूट का दूसरा चरण 15 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। इसके बाद बकाया जमा करने वाले उपभोक्ताओं के छूट में कटौती हो जाएगी। इसके चलते बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ उठाया। अधिशासी अभियंता अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कुल एक करोड़ 25 लाख रुपये जमा हुआ है।
उपभोक्ताओं को दिक्कत न हो इसके लिए बृहस्पतिवार को दो काउंटर और बढ़ा दिए गए थे। पहले आठ काउंटरों का संचालन हो रहा था। ग्रामीण क्षेत्रों में लगे कैंपों में भी उपभोक्ताओं ने बड़े पैमाने पर बकाया जमा किया। उन्होंने विद्युत चोरी में लगे अर्थदंड को उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द जमा करने की अपील किया। कहा कि आगामी दिनों में उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।