सुलेमपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र टांडा के सुलेमपुर चौराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। वह सब्जी मंडी से सब्जी लेकर वापस लौट रहा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
टांडा कोतवाली क्षेत्र के एकडल्ला गांव निवासी सब्जी विक्रेता मंतराम यादव (40) बृहस्पतिवार सुबह टांडा मंडी से सब्जी खरीदने के लिए आया था। सब्जी खरीदने के बाद वह मोपेड से वापस घर लौट रहा था। सुलेमपुर बाजार के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस से टांडा सीएचसी पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
मंतराम ही परिवार में अकेला कमाऊ सदस्य था। पत्नी के अलावा दो पुत्री व एक पुत्र है। सबसे बड़ी बेटी 10 वर्ष की है व छोटी बेटी 7 वर्ष की है जबकि बेटे की उम्र 4 वर्ष है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। अलीगंज एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना स्थल टांडा कोतवाली क्षेत्र का है। रिपोर्ट कोतवाली पुलिस टीम को सौंप दी जाएगी। (संवाद)