इलाहाबाद। सिविल लाइंस में ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरफ फेल है। सोमवार को दिन में हुई बारिश से यहां की तकरीबन हर सड़क पर जबरदस्त जलभराव हो गया। नवाब यूसुफ रोड पर करीब घुटने तक पानी भर गया। इसकी वजह से कुछ देर आवागमन बाधित रहा। महात्मा गांधी मार्ग पर दोनों तरफ बिजली और टेलीफोन लाइन के लिए बनाए जा रहे डक एवं नाला भी पानी से लबालब हो गया। सिविल लाइंस में खुदी पड़ी सड़कों के कारण भी लोगों को काफी परेशानी हुई।
सोमवार को दिन में करीब एक बजे बारिश शुरू हुई। यह बारिश पूरे शहर में नहीं हुई बल्कि इसका असर कटरा, सिविल लाइंस, चौक, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम आदि क्षेत्रों में रहा। करीब घंटेभर हुई बारिश में सबसे खराब स्थिति सिविल लाइंस की हुई। यहां महात्मा गांधी मुख्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग और नवाब यूसुफ रोड पर जगह-जगह जबरदस्त जलभराव हो गया। महात्मा गांधी मार्ग से लगी लिंक सड़कों लोहिया मार्ग, क्लाइव रोड, स्ट्रैची रोड, लॉयल रोड पर भी काफी पानी भर गया। एलगिन रोड का भी यही हाल रहा, जहां प्रधान डाकघर, जीएचएस चौराहा, डोसा प्लाजा चौराहा, हॉटस्टफ चौराहा पर काफी अधिक जलभराव हो गया। इन सभी सड़कों पर नालियां या तो जाम हैं या फिर हैं ही नहीं।
एलगिन रोड कस्तूरबा गांधी मार्ग क्रासिंग पर मिश्र भवन चौराहा पर सड़क के बीच में खोदा गया गड्ढा लोगों के लिए मुसीबत बन गया। इलाहाबाद को लखनऊ से जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क पर चौड़ी पाइप लाइन बिछाने के लिए नगर निगम ने करीब डेढ़ माह पहले इसे खुदवाया लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हो सका। बारिश में यही गड्ढा पानी से लबालब हो गया। नवाब यूसुफ रोड की स्थिति और खराब है। यहां फायर ब्रिगेड चौराहा से डीआरएम कार्यालय तक सड़क के दोनों ओर नगर निगम ने हाल ही में नाले के निर्माण कराया लेकिन उसे मुख्य नाले से जोड़ा ही नहीं गया। बारिश की वजह से यहां बस अड्डे के सामने घुटने तक पानी भर गया। वाल्मीकि चौराहा, पानी टंकी चौराहा पर भी यही स्थिति रही। इसकी वजह से सड़क पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। निरंजन डाट पुल के नीचे जलभराव और दो बसें खराब हो जाने के कारण भी कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। इसके साथ लीडर रोड, लूकरगंज आदि की सड़कें भी जलमग्न हो गईं।