मध्यप्रदेश के उज्जैन में पकड़े गए विकास दुबे के एनकाउंटर की सुबह जानकारी होने के बाद शहीद दरोगा अनूप के पिता रमेश बहादुर सिंह ने कहा कि मुठभेड़ में शहीद हमारे आठों बेटों की आत्मा को आज शांति मिली होगी। सीएम योगी ने जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वसन दिया था, जिसे उन्होंने पूरा कर दिखाया। लेकिन अभी और भी दोषी हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस विभाग के विभीषणों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
उनकी वर्दी चौराहे पर लटका दी जाए, ताकि भेदियों के चलते अब किसी और बेटा शहीद न हो। अनूप की पत्नी नीतू सिंह ने कहा कि जो भी दोषी हों उसे बख्शा न जाए। इनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो जो समाज में नजीर बने। ताकि पुलिस की नौकरी करने से कोई डरे न। उन्होंने घटना की सीबीआई जांच की मांग की।
फफक कर रो पड़ी मां, बोली बेटा... हत्यारा मारा गया..
शहीद दरोगा अनूप सिंह की मां जड़ावती बेटे के हत्यारे दहशतगर्द विकास दूबे की मौत की खबर सुनते बरामदे में लगी बेटे की फोटो के पास पहुंचीं और फफक कर रो पड़ीं। कहा, बेटा...हत्यारा मारा गया। बिलखते हुए बोलीं बेटा... मगर अफसोस ई अहै... कि अब हमका अस्पताल के लइके जाए। यह देख छोटे बेटे अनुज मां को संभालते हुए कमरे मेें ले गए। अनूप की बुजुर्ग मां को रोता देख आस-पास के लोगों की आंखें नम हो गईं।
विकास के एनकाउंटर पर गांवों में जश्र, बांटीं मिठाइयां, आतिशबाजी
दुर्दांत अपराधी विकास दूबे के एनकाउंटर की खबर मिलने पर मुठभेड़ में शहीद हुए दरोगा अनूप सिंह के गांव बेलखरी व आस-पास के गांवों में जश्र का माहौल रहा। विकास दुबे के अंत की खुशी में ग्रामीणों ने पटाखे फोड़े व एक दूसरे को मिठाई खिलाई। सभी ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
मानधाता के बेलखरी गांव के प्रधान इसरार ने गांव में मिठाइयां बाटीं। गांव के युवाओं ने पटाखे दागे। कहा कि अपराधी की यही सजा होनी चाहिए। यह कार्रवाई यही रुकनी नहीं चाहिए। घटना में जो भी दोषी हो, जांच कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई करें।
कटरागुलाब सिंह बाजार में अतुल वैश्य, राहुल यादव, अमित अग्रहरि, अमित जायसवाल आदि युवाओं ने आतिशबाजी की। मिठाई खिलाकर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। इधर, मोहनगंज बाजार में किसान मंच के जिलाध्यक्ष विश्वा सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने कानपुर घटना के मुख्य आरोपी विकास दुबे के एनकाउंटर पर खुशी जताई। एक दूसरे को लड्डू खिलाया। इस मौके पर राजकुमार, पंकज, झब्लू, रफीउल्ला आदि मौजूद रहे।