भीषण गर्मी के बावजूद जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में वकीलों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। शनिवार को कार्यकारिणी के कुल 18 पदों के लिए हुए चुनाव में 70 फीसदी वोटिंग हुई। कुल 4218 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान कचहरी परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी पूरे समय मुस्तैद रहे। चुनाव हाईकोर्ट के निर्देश के तहत कराया गया इसलिए अधिकारी पूरी सतर्कता बरत रहे थे। मतपेटियों को सील करके सुरक्षित स्थान पर रख दिया गया है। मतगणना रविवार को सुबह 10 बजे से कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में जिलाधिकारी की निगरानी होगी।
चुनाव अधिकारी रोहिताश सिंह ने बताया कि मतदान सुबह दस मिनट के विलंब से शुरू हुआ और सायं पांच बजकर दस मिनट पर समाप्त हुआ। मतदान के लिए जिला जज की कोर्ट के सामने स्थित न्यायकक्षों में 15 बूथ बनाए गए थे। मतदाता विकास भवन से पर्ची लेकर मतदान स्थल पर आए और मतदान करने के बाद सीजेएम गेट की ओर से निकलते गए। जिला न्यायालय और हाईकोर्ट के कर्मचारी मतदान ड्यूटी में लगाए गए थे। मतदान स्थल पर गर्मी से बचने के लिए वाटर फैन लगाए गए थे। मतदान के दौरान कोई विवाद या शिकायत दर्ज नहीं की गई। प्रत्याशियों के कैंप सीआरओ कैंपस में लगे थे। सुबह मतदान धीमा रहा मगर जैसे जैसे गर्मी का पारा चढ़ता गया मतदान में भी तेजी आती गई। शाम पांच बजे वोटिंग समाप्त होने तक बूथों पर वकीलों की भीड़ लगी रही। विकास भवन से जिला जज गेट तक लगी बैरीकेटिंग के दोनों ओर प्रत्याशी और उनके समर्थक वकीलों से वोट देने की अपील करते रहे। इस दौरान अदालतें खुली रही लेकिन अधिवक्ता चुनाव के कारण न्यायिक कार्य से विरत रहे।
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में कुल 6054 मतदाता हैं। जिसमें 4218 मतदाताओं ने वोट डाले है। इस तरह लगभग 70 प्रतिशत वोटिंग हुई है। सर्वाधिक 302 वोट बूथ संख्या आठ में पड़े है। 1597 आजीवन सदस्यों में 1118 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है।
शनिवार को मतदान के तत्काल बाद मतपेटिकाएं जिलाधिकारी को सुपुर्द कर दी गई। जो कड़ी सुरक्षा में कोषागार में रखी गई हैं। चुनाव अधिकारी ने बताया कि रविवार को दस बजे से मतगणना की जाएगी। मतगणना में अध्यक्ष और मंत्री पद के प्रत्याशी को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। मतगणना के बाद परिणाम हाईकोर्ट को सौंप दी जाएगी। चुनाव अधिकारी रोहिताश सिंह गंगवार ने बताया कि परिणाम जारी करने के संबंध में हाईकोर्ट से दिशानिर्देश प्राप्त किया जाएगा।
चुनाव के दौरान पुलिस सिपाही ने एक अधिवक्ता की कार पंक्चर कर दी। इससे मामला गरमा गया। देखते ही देखते काफी भीड़ जमा हो गई। तभी कुछ अधिवक्ता और पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले को शांत कराया। पता चला कि एक अधिवक्ता अपनी जाइलो कार से आए और एसएसपी कार्यालय के पास बैरिकेंटिग के पहले ही कार पार्क कर मतदान करने चले गए। वापस लौट कर आए तो उनकी कार पंक्चर थी। किसी ने बताया कि ड्यूटी पर लगे एक सिपाही ने गलत पार्किंग देख कर टायर में सूजा घोप दिया है। इसी बात पर अधिवक्ता काफी नाराज हो गए और बात बढ़ती गई। हालांकि अधिवक्ताओं और पुलिस अधिकारियों की सूझ बूझ से मामला टल गया।
अधिवक्ता संघ का चुनाव सकुशल संपन्न होने पर चुनाव अधिकारी रोहिताश सिंह एचजेएस और सहयोगी अनूप कुमार गोयल एचजेएस ने अधिवक्ताओं, मतदान कर्मी और पुलिस बल के सहयोग के लिए आभार जताया है। उन्हाेंने विशेष रूप से जिला जज, जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग के लिए आभार जताया है। सकुशल चुनाव संपन्न होने पर संघ के पूर्व अध्यक्ष शीतला प्रसाद मिश्र, अधिवक्ता यतींद्र मिश्र , वीके राय, प्रमोद सिंह नीरज, देवेंद्र मिश्र नगरहा, अमर नाथ दुबे, नीरज त्रिपाठी, ऋतंधरा मिश्र, पूर्व मंत्री धारा सिंह ,केबी सिंह आदि लोगों ने चुनाव अधिकारी को धन्यवाद दिया है ।
चुनाव के दौरान प्रत्याशियों द्वारा लगाए गए पंडालों में खासी गहमा गहमी रही। समर्थकों के लिए इन पंडालों में पीने केपानी से लेकर खानेपीने और चाय-नाश्ते का इंतजाम किया गया था। गर्मी से राहत पाने के लिए मतदान करने आए अधिवक्ता इन पंडालों में शरण लिए रहे।