नैनी थाने से सोमवार को एक शातिर अपराधी भाग निकला। उसे और उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। सोमवार को बदमाश को मौका मिला और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर वह छत से कूदकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस के हाथ पांव फूल गए। उसकी तलाश की जा रही है।
नैनी पुलिस ने कुछ दिन पहले प्रतापगढ़ से लूट में प्रयुक्त एक अपाचे बाइक बरामद की थी। एक दिन में लूट एवं छिनैती की तीन घटनाएं हुई थीं, जिसमें बरामद बाइक प्रयुक्त हुई थी। उसके बाद मामा भांजा तालाब के चक गरीबदास निवासी एक शातिर अपराधी की तलाश की जा रही थी। क्राइम ब्रांच और इलाकाई पुलिस ने गत सात-आठ अक्तूबर की रात में उस शातिर लुटेरे समेत तीन बदमाशों को पकड़ा था। तब से तीनों को बिना लिखा पढ़ी के ही नैनी कोतवाली के लाकअप में रखा गया था।
सूत्रों के अनुसार सोमवार भोर में चक गरीबदास, मामा भांजा तालाब निवासी अपराधी शौच जाने के बहाने बाहर लाकअप से बाहर आया। सुरक्षा गार्ड उसे थाने में दूसरे तल पर बने शौचालय में ले गए। वापस लौटते समय उसने प्रथम तल से नीचे छलांग लगा दी। यह देख सुरक्षा गार्डों के होश उड़ गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसका नाम मुकद्दर निषाद पुत्र दुलारे निषाद निवासी चक गरीबदास, मामा भांजा तालाब, नैनी है। उसके भागने से पूरे कोतवाली में खलबली मच गई।
- जिसके भागने की बात कहीं जा रही है, वह तो अभी पकड़ा ही नहीं गया तो भागेगा कैसे? उसकी अभी तलाश हो रही है। - जीतेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर नैनी, प्रयागराज।
- एक अपराधी नैनी कोतवाली से भाग निकला है। उसे तीन अन्य अपराधियों के साथ लूट एवं छिनैती के आरोप में लाया गया था, लेकिन लिखा पढ़ी में उसे दाखिल नहीं किया गया था। आज सुबह वह पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है। - आईपीएस सोमेंद्र मीणा, क्षेत्राधिकारी करछना