प्रयागराज। हावड़ा से इलाहाबाद सिटी आने वाली विभूति एक्सप्रेस रविवार की दोपहर अचानक बैरहना रेल फाटक के पास रुक गई। यहां काफी देर तक ट्रेन खड़ी रही। इस वजह से यहां रेल फाटक भी बंद रहा। रेल फाटक बंद होने की वजह से बैरहना से मलाकराज का कनेक्शन टूट गया। काफी देर तक लोग यहां जाम मेें फंसे रहे।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोपहर इलाहाबाद सिटी आ रही विभूति एक्सप्रेस ओएचई ट्रिप (बिजली सप्लाई बंद होना) हो जाने की वजह से दिन में 12.50 बजे खड़ी हो गई। तब तक ट्रेन का कुछ हिस्सा फाटक को पार गया था। इस वजह से काफी देर तक फाटक बंद रहा। ट्रेन यहां तकरीबन 25 मिनट खड़ी रही, जबकि फाटक 45 मिनट बंद रहा। बाद में फाटक खुलने के बाद ही लोगों को राहत मिली। उधर विभूति एक्सप्रेस इलाहाबाद सिटी स्टेशन दिन में 1.20 बजे पहुंची। वहीं दूसरी ओर रेलवे की नेशनल इनक्वायरी सेवा में ट्रेन आने का समय 12.11 बजे ही दर्शाया गया। इसे लेकर भी यात्री असमंजस में रहे।