पिछले दिनों ही रेलवे बोर्ड की ओर से सर्कुलर निकाल कर खाने का दाम बढ़ाने की मंजूरी दी गई थी। बोर्ड के इस सर्कुलर के बाद ट्रेनों के साथ ही प्रमुख स्टेशनों के जन आहार, फूड प्लाजा में मिलने वाले भोजन का रेट आईआरसीटीसी को 15 दिन के भीतर बढ़ाना था, जो उसने अब बढ़ा दिया है। इलाहाबाद जंक्शन, कानपुर सेंट्रल आदि प्रमुख स्टेशन आईआरसीटीसी लखनऊ कार्यालय के अधीन है। इन स्टेशनों के जन आहार केंद्र पर मिलने वाले भोजन का दाम बढ़ा दिया गया है।
इसके तहत शाकाहारी नाश्ते के लिए अब 25 की बजाय 35 रुपये, मांसाहारी नाश्ते के लिए 30 की बजाय 45 रुपये यात्रियों को देने होंगे। शाकाहारी भोजन का दाम भी 45 की बजाय अब 70 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा मांसाहारी भोजन भी 50 की बजाय यात्रियों को 80 रुपये में मिलेगा। आईआरसीटीसी लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने जन आहार और ट्रेनों में मिलने वाले भोजन और नाश्ते के दाम में वृद्धि की पुष्टि की है।
स्टेशन पर भी लें अब चिकन करी का स्वाद
रेलवे बोर्ड ने पहली बार अपने चिकन करी, चिकन बिरयानी बेचे जाने की भी मंजूरी दी है। दरअसल, ट्रेनों के अंदर यात्रियों को मांसाहारी भोजन मिलता था, लेकिन स्टेशनों पर यह सुविधा नहीं थी। इससे अब जन आहार में यात्रियों को 350 ग्राम वेज बिरयानी 70 एवं अंडे वाली बिरयानी 80 रुपये में मिलेगी। चिकन बिरयानी 100 रुपये में यात्रियों को उपलब्ध करवाई जा रही है।