0 मुक्त विवि की जुलाई सत्र की परीक्षा में शामिल होने के लिए 20 जून तक होंगे पंजीकरण
प्रयागराज। निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा न कर पाने वाले छात्र-छात्राओं को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने एक अतिरिक्त अवसर प्रदान किया है। ऐसे शिक्षार्थी 27 जून से शुरू होने जा रही जुलाई सत्र के विद्यार्थियों की परीक्षा में शामिल होने के लिए 20 जून तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं, ताकि वे अपना पाठ्यक्रम पूरा कर सकें।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नियमों के अनुसार दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम को पूरा करने के लिए अधिकतम चार वर्ष, तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए अधिकतम छह वर्ष और एक वर्षीय डिप्लोमा कार्यक्रम के लिए अधिकतम दो वर्ष में पूरा किया जा सकता है। कई शिक्षार्थी इस निर्धारित अवधि में पाठ्यक्रम पूरा नहीं कर सके, जिन्हें अब अतिरिक्त अवसर प्रदान किया गया है।
इसके साथ ही मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई सत्र 2023 में दो वर्षीय और तीन वर्षीय कार्यक्रमों के द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया जुलाई के आखिर में शुरू हो सकती है। अन्य सभी पाठयक्रमों में पुन: पंजीकरण और पुन: प्रवेश के लिए 20 जून अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।