यूपीएस कंपनी का कर्मचारी फांसी पर लटका मिला
सोहबतियाबाग स्थित घर में मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। सोहबतियाबाग में रहने वाला यूपीएस कंपनी कर्मचारी दीपक सिंह (30)ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव घर के भीतर फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची जार्जटाउन पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि उसने ऐसा क्यों किया, इस बारे में कुछ पता नहीं चल सका।
दीपक पुत्र शिवकरण मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला था। वह लखनऊ की एक यूपीएस निर्माता कंपनी में काम करता था। कुछ ही महीनों पहले उसका स्थानांतरण प्रयागराज में कर दिया गया था। जिसके बाद से वह सोहबतियाबाग में किराये के कमरे में अकेले ही रहता था। पुलिस के मुताबिक, घरवालों ने बताया कि रविवार दोपहर से ही उससे फोन से संपर्क नहीं हो पा रहा था। कई बार कॉल करने के बाद भी वह फोन नहीं उठा रहा था। परेशान होकर उन्होंने मकान मालिक को कॉल किया तो वह उसके कमरे पर पहुंचे। इस दौरान दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बावजूद जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो वह फांसी पर लटका मिला। परिजनों को फोन से जानकारी देकर शव मर्चरी भेज दिया गया। सुबह सीतापुर से घरवाले भी आ गए। जिन्हें दोपहर में पोस्टमार्टम बाद शव सौंप दिया गया। जार्जटाउन एसओ ने बताया कि घरवाले भी नहीं बता पाए कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।
चार साल पहले हुई थी शादी, नहीं थे बच्चे
पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि चार साल पहले उसकी शादी हुई थी लेकिन उसके बच्चे नहीं थे। सात अप्रैल को वह घर गया था। दरअसल उसके भाई को बेटा हुआ था और इसी खुशी में घर में कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें वह बेहद खुशी-खुशी शामिल हुआ। 15 अप्रैल को ही वह वापस आया था।