उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम विषयवार जारी करेगा। परीक्षा को लेकर हाईकोर्ट में इतनी अधिक संख्या में याचिकाएं दाखिल हो गई हैं कि आयोग परिणाम जारी करने को लेकर असमंजस की स्थिति में है।
हालांकि, शुक्रवार को आयोग में धरना-प्रदर्शन करने पहुंचे प्रतियोगी छात्रों को आयोग के प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के कुछ विषयों के परिणाम 20 से 24 दिसंबर के बीच घोषित कर दिया जाएगा।
एलटी ग्रेड परीक्षा के तहत प्रदेश के राजकीय स्कूलों में 15 विषयों में शिक्षकों के 10768 पदों पर भर्ती होनी है। परीक्षा 29 जुलाई को प्रदेश के 39 जिलों के 1760 केंद्रों में आयोजित की गई थी।
परीक्षा के लिए कुल सात लाख 63 हजार 317 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे और इनमें से 52.3 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। आवेदन के दौरान ही तमाम विवाद सामने आने के बाद अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल कर दीं।
सबसे अधिक विवाद कला, कंप्यूटर, विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान, कॉमर्स, गृह विज्ञान विषय में शिक्षक भर्ती को लेकर था और इन्हीं संबंधित सर्वाधिक मामले न्यायालय तक पहुंचे। हालांकि, बड़ी संख्या में कोर्ट ने याचिकाएं खारिज कर दीं और कई याचिकाओं पर सुनवाई जारी है।
परिणाम घोषित करने से पहले आयोग फूंक-फूंककर कदम रख रहा है। इसके अलावा पिछले दिनों 68500 शिक्षक भर्ती के परिणाम में जिस तरह गड़बड़ियां सामने आईं, उसे देखते हुए आयोग और अधिक सतर्क हो गया है।
यही वजह है कि अब परिणाम एक साथ जारी किए जाने के बजाए, विषयवार घोषित किए जाने की तैयारी है। विधिक राय भी ली जा रही है। पहले उन विषयों के परिणाम घोषित किए जा सकते हैं, जिनको लेकर विवाद नहीं है या बहुत कम है। इनमें सामाजिक विज्ञान, संस्कृत एवं कुछ अन्य विषय शामिल हैं। इन विषयों के परिणाम दिसंबर में घोषित किए जाने की तैयारी है।