दो विषयों में व्याख्याता के 270 पदों पर चयन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने प्राविधिक शिक्षा विभाग के दो विषयों में व्याख्याता के 270 पदों का अंतिम चयन परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया। इनमें व्याख्याता विद्युत अभियंत्रण के 213 और व्याख्याता भौतिकी के 57 पद शामिल हैं। परीक्षा परिणाम आयोग के सूचना बोर्ड एवं वेबसाइट पर उपलब्ध है। व्याख्याता विद्युत अभियंत्रण एवं भौतिकी विषय की लिखित परीक्षा का परिणाम पांच अप्रैल 2022 को जारी किया गया था। इसके बाद विद्युत अभियंत्रण के अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 23 मई से एक जून और व्याख्यात भौतिकी के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू दो से चार जून तक कराए गए।
व्याख्याता विद्युत अभियंत्रण के रिजल्ट में अमित कुमार मिश्र ने टॉप किया है, जबकि निजामउद्दीन को मेरिट में दूसरा और सौरभ कुमार सिंह को तीसरा स्थान मिला है। वहीं, व्याख्याता भौतिकी के परिणाम में फैजान बेग ने मेरिट में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है, जबकि हिमांशु चौहान एवं नमन शर्मा को क्रमश: दूसरा एवं तीसरा स्थान मिला है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार चयन परिणाम न्यायालय में योजित विशेष अपील में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। परीक्षा के प्राप्तांक एवं कटऑफ अंक जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
मेडिकल अफसर भर्ती के प्राप्तांक, कटऑफ आज होंगे जारी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से मेडिकल अफसर की सीधी भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक एवं कटऑफ अंक आठ जून को आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। प्राप्तांक एवं कटऑफ अंक आयोग की वेबसाइट पर 14 जून तक उपलब्ध रहेंगे। आयोग के संयुक्त सचिव विनोद कुमार सिंह के अनुसार अभ्यर्थी अपने अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि के आधार पर प्राप्तांक और कटऑफ देख सकते हैं।