पॉलीटेक्निक कॉलेजों को रसायन विज्ञान के मिले 48 प्रवक्ता
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने बुधवार रात पॉलीटेक्निक कॉलेजों में प्रवक्ता रसायन विज्ञान विषय का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें 48 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से सफलता मिली है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों को जल्द ही नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा।
आयोग ने प्राविधिक शिक्षा विभाग में रसायन विज्ञान विषय में प्रवक्ता पद के लिए 29 अप्रैल 2022 को लिखित परीक्षा कराई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार छह और सात जून को संपन्न हुआ। इंटरव्यू में 48 रिक्तियों के सापेक्ष 48 अभ्यर्थियों ने अंतिम रूप से सफलता हासिल की है। परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के मुताबिक सफल अभ्यर्थियों की सूची आयोग की वेबसाइट पर और आयोग कार्यालय के बाहर चस्पा कर दी गई है। जिन अभ्यर्थियों के नाम के सम्मुख प्रोविजनल लिखा है, वह निर्धारित समय में वांछित अभिलेख जमा कर दें। अभिलेख जमा न करने पर उनका चयन निरस्त कर दिया जाएगा। आयोग की ओर से जल्द ही सभी अभ्यर्थियों का प्राप्तांक और कट आफ वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। संवाद
स्नातक पास युवाओं के लिए नौकरी का मौका
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय स्नातक पास युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। विवि ने इसी क्रम में 22 जून को ओपेन माइंड संस्था की ओर से कस्टमर केयर एक्जीक्यूटिव के पद पर प्रतिमाह 20 हजार रुपये की नौकरी के ऑनलाइन साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। स्नातक की डिग्री ले चुके इच्छुक विद्यार्थी साक्षात्कार में शामिल होने के लिए इविवि सीएसआर सेल से संपर्क करें। संवाद
प्रो. जेएन त्रिपाठी बने नैक के समन्वयक
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने अर्थ एवं प्लेनेटरी साइंस के प्रो. जेएन त्रिपाठी को नैक का समन्वयक नियुक्त किया है। वहीं, अंग्रेजी विभाग के प्रो. मनोज कुमार को सह-समन्वयक बनाया गया है। संवाद