पीसीएस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक एवं कटऑफ अंक भले ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) अपनी वेबसाइट पर जारी कर रहा हो, लेकिन तमाम अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर मार्कशीट उपलब्ध नहीं हो पा रही है। आयोग के अफसरों का तर्क है कि जो अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के आवेदन के साथ अन्य जरूरी अभिलेख जमा नहीं करते हैं, उनकी मार्कशीट जारी नहीं की जाती है। वहीं, अभ्यर्थियों का कहना है कि मार्कशीट नहीं देनी है तो आयोग को कम से कम अभ्यर्थियों के प्रत्यावेदन का जवाब देना चाहिए और मार्कशीट जारी न करने का कारण भी स्पष्ट करना चहिए।
पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा में शामिल हुईं सौम्या नारायण श्रीवास्तव की मार्कशीट वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं थी। सौम्या की तरह तमाम अभ्यर्थियों की मार्कशीट वेबसाइट पर नहीं मिली। पीसीएस-2019 और पीसीएस-2020 की मुख्य परीक्षा में शामिल हुए कई अभ्यर्थियों की मार्कशीट वेबसाइट पर नहीं मिली, जबकि वेबसाइट पर मार्कशीट के लिए क्लिक करने पर अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन पर ओटीपी नंबर आ रहा था, लेकिन ओटीपी नंबर दर्ज करने पर लिख कर आ रहा था कि मार्कशीट उपलब्ध नहीं है। अभ्यर्थियों ने आयोग में प्रत्यावेदन भी दिया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।