उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने शनिवार को न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक परीक्षा-2018 का परिणाम घोषित कर दिया। पीसीएस-जे प्रारंभिक परीक्षा में 6041 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। परिणाम के साथ अंतिम उत्तरकुंजी भी जारी कर दी गई है। आयोग के कैलेंडर में मुख्य परीक्षा 30, 31 जनवरी एवं एक फरवरी को प्रस्तावित है।
पीसीएस-जे के 610 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 16 दिसंबर को प्रयागराज, लखनऊ, मेरठ और आगरा के 141 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए 64691 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे और 38209 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से मुख्य परीक्षा के लिए 6041 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट और आयोग कार्यालय के सूचना पट्ट पर भी उपलब्ध है। यूपीपीएससी के सचिव जगदीश के अनुसार परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के प्राप्तांक एवं श्रेणीवार कटऑफ प्राप्तांक आयोग की वेबसाइट पर शीघ्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
पीसीएस-जे प्रारंभिक परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्रों की उत्तरकुंजी भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। सचिव के अनुसार इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत अलग से प्रार्थनापत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। गौरतलब है कि आयोग को यह भर्ती प्रक्रिया हर हाल में मई से पहले पूरी कर लेनी है। आयोग ने इन परीक्षाओं के विभिन्न चरणों की तारीखें पहले से निर्धारित कर रखी हैं और इसके लिए सुप्रीमकोर्ट में हलफनामा भी दिया गया है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस-जे प्रारंभिक परीक्षा की अंतिम उत्तरकुंजी भी जारी कर दी है। इसमें तीन गलत सवालों को हटा दिया गया है और एक सवाल के दो विकल्पों को सही माना गया है। इससे पूर्व आयोग ने अंतरिम उत्तरकुुंजी जारी कर आपत्ति मांगी थी। अंतरिम उत्तरकुंजी में कोई संशोधन नहीं था, लेकिन आपत्तियों के निस्तारण के बाद उत्तरकुंजी में संशोधन किया गया। अंतिम संशोधित उत्तरकुंजी के तहत सामान्य ज्ञान पेपर की बुकलेट शृंखला ‘ए’ में सवाल नंबर 13, 78 और 147 को गलत मानते हुए हटा दिया गया है, जबकि सवाल नंबर 98 के दो विकल्पों ‘बी’ एवं ‘डी’ को सही माना गया है। वहीं विधि के पेपर में कोई संशोधन नहीं किया गया है।