चंपत से मिले योगी, धर्मसंसद की तैयारियों पर मंथन
0 चंपत राय ने सीएम को दिया धर्मसंसद में शामिल होने का आमंत्रण, योगी ने स्वीकारा
0 31 जनवरी और एक फरवरी को शिविर में आने की संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भरी हामी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कुंभ मेला क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के शिविर में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे। यहां उन्होंने विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय से मुलाकात की। इस दौरान चंपत राय ने सीएम योगी को कुंभ के दौरान होने वाली धर्मसंसद में आने का निमंत्रण किया। इसे योगी ने स्वीकार भी कर लिया। इस दौरान सीएम और चंपत राय ने धर्मसंसद की तैयारियों के बारे में वार्ता की। कुछ देर के लिए दोनों ने एकांत में भी वार्ता की।
मेला क्षेत्र में तीनों अनी अखाड़ों में धर्मध्वजा फहराने के बाद सीएम विहिप के शिविर में अचानक पहुंचे। हालांकि, चंपत राय, प्रांत संगठन मंत्री मुकेशजी समेत कुछ चुनिंदा लोगों को ही इसकी जानकारी पूर्व में दे दी गई थी। शिविर में योगी का स्वागत चंपत राय ने किया। इस दौरान चंपत राय ने मेला शिविर में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में सीएम को बताया। सीएम ने धर्मसंसद के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान सीएम ने सरकार द्वारा मेले में की गई व्यवस्था के बारे में भी पूछा। कहा, अगर कहीं कोई कमी है तो उन्हें उसके बारे में जरूर बताया जाए। वार्ता के दौरान चंपत राय ने बताया कि 31 जनवरी एवं एक फरवरी को होने वाली धर्मसंसद में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने यहां आने पर अपनी हामी भर दी है। चंपत ने बताया कि धर्मसंसद शिविर में बन रहे गंगा पंडाल मेें होगी। इसमें देशभर के 5000 संत शिरकत करेंगे।
दरअसल विहिप ने पिछले वर्ष ही एलान किया था कि प्रयाग कुंभ में होने वाली धर्मसंसद के माध्यम से संतों की मौजूदगी में अयोध्या में राममंदिर निर्माण की तिथि घोषित की जाएगी। वार्ता के दौरान विहिप के केंद्रीय महामंत्री संगठन विनायक राव देश पांडे, केंद्रीय संपर्क प्रमुख रास बिहारी, केंद्रीय मंत्री हरिशंकर, आरएम गोयल, अमित पाठक आदि मौजूद रहे।