पुष्टाहार निर्माण से कुपोषण संग खत्म होगी रोजगार की समस्या
केशव ने कहा कि गांवों में शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार ने काफी व्यवस्थाएं की हैं। लेकिन रोजगार की दृष्टि से अभी बहुत कदम उठाए जाने हैं। प्रदेश में हमारी दो यूनिट ऐसी लगी हुई हैं, जिनके माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की आय बढ़ी है।
200 और ऐसे ही प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं, जहां स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पुष्टाहार का निर्माण किया जाएगा। अब पूरे प्रदेश में समूह के माध्यम से ऐसा पुष्टाहार बच्चों को मिलेगा, जिसमें बच्चों का स्वास्थ्य दुरुस्त रखने के लिए सभी पोषक तत्व हों।
दस लाख स्वयं सहायता समूहों का होगा गठन
डिप्टी सीएम के अनुसार योगी सरकार 2.0 में अभी शुरूआती तौर पर हम लोगों ने सौ दिन का जो रोडमैप बनाया है। उसमें पहले चरण में एक लाख पीएम आवास दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत प्रदेश में 5000 किमी सड़क बनाने के संकल्प की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। अभी पहले सौ दिन में 50 हजार स्वयं सहायता समूह तो गठित कर रहे हैं, लेकिन भारत सरकार की ओर से जो हमें लक्ष्य मिला है वह पांच लाख और समूह बनाने का है।
यूपी विधानसभा चुनाव के पूर्व लोक कल्याण संकल्प पत्र के माध्यम से भाजपा ने प्रदेश की मातृशक्ति से पांच लाख समूह बनाने का वादा किया था, अर्थात दस लाख समूह अभी और बनेंगे। इन समूहों के माध्यम से अनेक प्रकार के रोजगार के रास्ते खोलने का कार्य प्रदेश सरकार करेगी।