उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षा शुरू हो गई है। पहले दिन हाईस्कूल में हिंदी-वाणिज्य की परीक्षा हुई। प्रदेश में 16 जिलों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है, जिसमें प्रयागराज मंडल के दो जनपद प्रयागराज और कौशाम्बी शामिल हैं।
कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच में यूपी बोर्ड की परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरु हो गई। सचल दस्ते परीक्षा केंद्रों की निगरानी करते रहे। प्रदेश के 8265 केंद्रों पर कुल 55,25,308 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। नकल विहीन परीक्षा के लिए पहली बार सेंट्रल कंट्रोल एवं कमांड सेंटर से परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी कराई जा रही है।
नकलचियों पर नकेल कसने के लिए तकनीक से केंद्रों को लैस किया गया है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अफवाहें फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। प्रदेश में मथुरा, बागपत, अलीगढ़, मैनपुरी, एटा, हरदोई, आजमगढ़, बलिया, मऊ, प्रयागराज, कौशाम्बी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया और गोंडा को अतिसंवेदनशील जनपद घोषित किया गया है।
तीन अधिकारियों की उपस्थित में खोले गए प्रश्न पत्र
परीक्षा केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम में प्रश्न पत्र रखवाए गए हैं। परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र के पैकेट तीन अधिकारियों की उपस्थित में खोले जाएंगे। इस दौरान केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। जिस विषय की परीक्षा है यदि उसके अलावा किसी अन्य विषय का प्रश्न पत्र खोला जाता है, तो तीनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हाईस्कूल में हिंदी-वाणिज्य और इंटरमीडिएट में हिंदी के साथ सैन्य विज्ञान की परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली में हाईस्कूल की सुबह 8:30 बजे से 11:45 तक और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर दो बजे से 5:15 तक आयोजित होगी। पहले दिन हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा 8,232 केंद्रों पर और इंटर की 8,273 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 55 लाख 25 हजार 308 विद्यार्थी शामिल होंगे, इनमें से 29 लाख 47 हजार 311 हाईस्कूल के और 25 लाख 77 हजार 997 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। सैन्य विज्ञान विषय की परीक्षा में हाईस्कूल के 29 लाख 38 हजार 663 और 244 केंद्रों पर इंटर के 5,123 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल में वाणिज्य विषय की परीक्षा में 1,619 केंद्रों पर 38,437 परीक्षार्थी शामिल होंग, वहीं इंटरमीडिएट में 24 लाख 29 हजार 278 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर सभी कक्ष निरीक्षकों ने उपस्थिति दर्ज करवा दी है।