माफिया अतीक अहमद की बहन आयशा नूरी की सरेंडर एप्लीकेशन पर आज सीजेएम कोर्ट में सुनवाई होगी। वहीं दूसरी तरफ अतीक-अशरफ हत्याकांड के आरोपियों की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही है।
उत्तर प्रदेश के सबसे चर्चित उमेश पाल हत्याकांड मामले में पुलिस ने माफिया अतीक अहमद की बहन आयशा नूरी को आरोपी बनाया है। आयशा नूरी ने कोर्ट में सरेंडर एप्लीकेशन दाखिल की है। जिस पर सीजेएम कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होगी। पुलिस ने अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और उसकी बहन आयशा को उमेश पाल हत्याकांड में साजिश रचने का आरोपी बनाया है। जिसके बाद आयशा ने कोर्ट में अपनी सरेंडर याचिका भेजी थी।
विज्ञापन
जानकारी के लिए बता दें कि बीते दिनों उमेश पाल हत्याकांड मामले में आयशा नूरी की सरेंडर अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकी थी। तब आयशा नूरी के अधिवक्ता मनीष खन्ना ने कहा था कि धूमनगंज थाने द्वारा जानबूझकर रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जा रही है। जबकि, कोर्ट कई बार रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दे चुकी है।
अतीक-अशरफ हत्याकांड के आरोपियों की खत्म हो रही न्यायिक हिरासत
अतीक-अशरफ हत्याकांड के तीनों आरोपियों की आज न्यायिक हिरासत खत्म हो रही है। तीनों शूटरों की कोर्ट में पेशी भी होगी। सुरक्षा के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीनों की पेश ही हो सकती है। पुलिस कोर्ट में अर्जी दाखिल कर सकती है। कोर्ट तीनों शूटर्स की 14 दिनों की कस्टडी रिमांड को बढ़ा सकती है। एसआईटी एक बार फिर तीनों शूटरों से पूछताछ की तैयारी में है। अभी तीनों शूटर प्रतापगढ़ जिला कारागार में बंद हैं।