दोस्त की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया
नैनी में एफसीआई रोड पर स्थित सेमस्टार ग्लोबल स्कूल परीक्षा केंद्र में भी सॉल्वर पकड़ा गया। पहली पाली की परीक्षा के दौरान जौनपुर के शाहगंज क्षेत्र भुसौढ़ी अरसिया गांव निवासी रणविजय सिंह पुत्र अमरजीत सिंह के स्थान पर आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र दद्दोपुर गांव निवासी विवेक कुमार यादव पुत्र सूर्यनाथ यादव परीक्षा देने पहुंचा था। बायोमेट्रिक उपस्थिति के दौरान उसके डाटा का मिलान न होने पर दिल्ली स्थित मुख्यालय से इस बारे में परीक्षा खत्म होने से 15 मिनट पहले केंद्र प्रबंधन को फोन से जानकारी दी गई तो पुलिस बुलाकर उससे पूछताछ शुरू की गई। तब पूरा मामला सामने आया।
पुलिस के मुताबिक, उसके पास से फर्जी आधार कार्ड व वोटर आईडी कार्ड बरामद हुआ है। वह दूसरी पॉली में भी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाला था। इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि प्रधानाचार्या सिंथिया डिक्रूज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मूल अभ्यर्थी रणविजय उसका मित्र है। दोनों साथ में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं। दोस्त के कहने पर वह परीक्षा देने आया था।