कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मई माह की शुरूआत के साथ ही हर दिन मिलने वाले नए मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार को करीब दो महीने बाद एक दिन में सबसे अधिक सात नए कोरोना संक्रमित मिले। जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी। ऐसे में विभाग के अधिकारी लोगों से कोविड 19 के लिए जारी गाइड लाइन का कड़ाई से पालन करने की अपील कर रहे हैं।
दिल्ली एनसीआर के बाद कोरोना के मामले प्रयागराज में भी तेजी से बढ़ने लगे हैं। मई माह की शुरूआत से ही इनकी संख्या में इजाफा होने लगा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कुल 4589 लोगों का सैंपल एकत्र किया। जिसमें सात नए कोरोना संक्रमित मिले। जबकि इसके पहले 5 मार्च को एक दिन में 19 संक्रमित मिले थे। उसके बाद से लगातार एक दिन में मिलने वाले नए मरीजों की संख्या सीमित रही।
इसके पहले शनिवार को जिले में एक दिन में छह कोरोना संक्रमित मिले थे। उधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जरूरी है कि सभी लोग जारी गाइड लाइन का कड़ाई से पालन करें। जिससे संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके। साथ ही जिन लोगों ने अभी तक कोरोना से बचाव के लिए जरूरी टीका की दोनों डोज नहीं ली है, वह दोनों डोज ले। जिससे सुरक्षा कवच बन सके। उधर रविवार को कोरोना को सात मरीज ने मात देते हुए अपना होम आइसोलेशन खत्म किया।