- मुट्ठीगंज में घटना, कई जख्मी भी हुए, थाने में भी घंटों चला हंगामा
प्रयागराज। पिछले कई दिनों से शहर के दो किन्नर गुटों में चल रही तनातनी ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। मुट्ठीगंज के छोटा चौराहा पर दो गुटों में भिड़ंत हो गई जिसके बाद उनके बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हॉकी-चाकू से हमला किया। जिसमें कई चोटिल भी हो गए। सूचना पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई तो वहां भी घंटों हंगामा हुआ। फिलहाल दोनों गुटों से 13 किन्नरों का शांतिभंग में चालान किया गया है।
किन्नरों के दो गुटों के बीच लंबे समय से क्षेत्र को लेकर विवाद चल रहा है। धूमनगंज, शिवकुटी व करेली में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे भी दर्ज कराए गए हैं। एक दिन पहले सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन भी किया गया था। मंगलवार दोपहर 1.30 बजे के करीब एक गुट मुट्ठीगंज छोटा चौराहा के पास स्थित घर में नेग लेने गया था। तभी वहां दूसरे गुट के किन्नर भी पहुंच गए और दोनों गुटों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मारपीट होने लगी जिससे वहां अफरातफरी मच गई। इस दौरान हॉकी, बेसबॉल स्टिक व चाकू से भ्भी हमला किया गया जिसमें कई किन्नर जख्मी भी हुए।
सूचना पर चौकी प्रभारी पहुंचे लेकिन किन्नर शांत नहीं हुए। बाद में थाने की फोर्स आई तो एक गुट स्कॉर्पियो में सवार होकर भागने लगा। जिसे खदेडक़र ईसीसी के पास पकड़ा गया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने लाया गया जहां फिर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख कीडगंज व अतरसुइया की भी फोर्स बुला ली गई। सीओ भी मौके पर पहुंचे लेकिन किन्नर मानने को तेयार नहीं हुए। घंटों हंगामा चलता रहा। बाद में बहुत मान मनौव्वल की गई तब जाकर किन्नर शांत हुए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर भी दी।
हालांकि मुट्ठीगंज इंस्पेक्टर तहरीर मिलने की बात से इंकार करते रहे। उन्होंने बताया कि एक पक्ष से नौ व दूसरे पक्ष से चार किन्नरों का शांतिभंग में चालान किया गया है। तहरीर मिली तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।