उत्तराखंड के टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन 26 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। प्रयागराज जंक्शन के रास्ते इस ट्रेन का संचालन हर रोज होगा। शनिवार को रेल प्रशासन ने त्रिवेणी एक्सप्रेस की समय सारिणी जारी कर दी। सप्ताह में तीन दिन यह ट्रेन टनकपुर से सिंगरौली और चार दिन टनकपुर से शक्तिनगर के बीच चलेगी। इसका संचालन अभी स्पेशल ट्रेन के रूप में ही होगा।
टनकपुर से गाड़ी संख्या 05074 का सिंगरौली के लिए सोमवार, बुधवार और शुक्रवार की सुबह 8.25 बजे संचालन होगा। बरेली, लखनऊ के रास्ते यह ट्रेन रात 10.00-10.20 बजे प्रयागराज जंक्शन आएगी। जो सुबह 7.55 बजे सिंगरौली पहुंच जाएगी। सिंगरौली से गाड़ी संख्या 05073 का संचालन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार की शाम 4.15 बजे होगा जो रात 2.20-2.50 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं दिन में 3.25 बजे टनकपुर पहुंच जाएगी।
इसी तरह टनकपुर-शक्तिनगर स्पेशल ट्रेन संख्या 05076 प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। वापसी में शक्तिनगर से गाड़ी संख्या 05075 का संचालन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार दोपहर 3.45 बजे होगा। ट्रेन के प्रयागराज जंक्शन पर दोनों ओर से पहुंचने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।