प्रदेश सरकार द्वारा रविवार का लॉक डाउन समाप्त किए जाने का प्रयागराज के व्यापारियों ने स्वागत किया है। व्यापारियों ने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का आभार जताया है। तमाम व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों का कहना कि पहले शनिवार और अब रविवार की बंदी को समाप्त कर दिए जाने से बाजार अच्छा चलेगा। व्यापारियों ने यह भी कहा कि वह कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन करेंगे।
दरअसल रक्षा बंधन, जन्माष्टमी एवं उसके बाद आने वाले तमाम त्योहारों को देखते हुए व्यापारिक संगठन लगातार सीएम, डिप्टी सीएम को पत्र भेजकर मांग कर रहे थे कि रविवार वाली साप्ताहिक बंदी समाप्त की जाए। इस दौरान व्यापारियों ने रक्षा बंधन त्योहार जो रविवार 22 अगस्त को आने वाला है उसका भी हवाला दिया था। फिलहाल सरकार द्वारा व्यापारियों की यह मांग अब मान ली गई है। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के अध्यक्ष महेंद्र गोयल, सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष नीरज जायसवाल का कहना है कि पूर्व में व्यापारियों को 5 दिन की बिक्री से ही पूरे सप्ताह भर के खर्च निकालने पड़ रहे हैं ।
उनके ऊपर बैंक का ब्याज, कर्मचारियों की तनख्वाह, दुकान के किराए की अतिरिक्त मार पड़ती है। रविवार को सरकारी एवं निजी कार्यालयों में छुट्टी रहती है, जिस कारण यहां काम करने वाले लोग रविवार को ही खरीददारी करना पसंद करते हैं । किंतु, बाजार बंद होने से वह ई-कॉमर्स से ऑनलाइन खरीदारी कर रहे थे। अब सीएम के आदेश के बाद ऐसा नहीं होगा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल का कहना है कि रेस्टोरेंट और होटल कारोबार को भी इससे फायदा होगा। सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा का कहना है कि आने वाले फेस्टिवल सीजन से व्यापारियों को ढेरों उम्मीदें हैं। सीएम ने रविवार को भी बाजार खोले जाने की अनुमति दी, इसके उनका बहुत-बहुत आभार है।