Tourism minister angry over installing small statue of Lord Shriram
- फोटो : NAWABGANJ
शृंगवेरपुरधाम। पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को शृंगवेरपुरधाम को संवारने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। खामियों पर उन्होंने अफसरों को सचेत किया कि वह अपना रवैया बदलें, वरना ठीक नहीं होगा। उन्होंने भगवान राम की प्रतिमा छोटी लगाए जाने पर नाराजगी जताई। घाटों पर नालों की गंदगी देख भड़क उठे।
शृंगवेरपुरधाम में गंदगी व श्रीराम घाट पर नाले को देखते ही पर्यटन मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने उप निदेशक पर्यटन व अन्य अफसरों से इस बदइंतजामी की वजह पूछी। इसके बाद पर्यटक सुविधा केंद्र पहुंचे। वहां भगवान राम की प्रतिमा देखकर उन्होंने कहा कि मनमाने ढंग से कार्य कराया जा रहा है। यही वजह है कि भगवान राम की मूर्ति छोटी बना दी गई है। इसके चलते पर्यटक सुविधा केंद्र की शोभा घट जाएगी। मंत्री का कहना था कि धाम में मानक के अनुरूप विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं।
इस दौरान विद्यार्थी घाट, रामघाट, रामसेन आश्रम, निषाद राज पार्क का भी मंत्री ने निरीक्षण किया। इसके बाद मंत्री ने निषादराज पार्क, शृंगवेरपुरधाम में शांता देवी मंदिर से राम शयन आश्रम तक गंगा के किनारे सड़क के लिए प्रोजेक्ट बनाकर लखनऊ भेजने का निर्देश दिया। बताया कि तैयारियां पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ निरीक्षण के लिए आएंगे। इस मौके पर उप निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार, यूपीपीसीएल के जीएम धर्मेंद्र सिंह, तुलसी साहित्य प्रचार समिति के उपाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, मेला महामंत्री उमेश द्विवेदी, समाज शेखर प्राण, लाक्षागृह विकास समिति केसंरक्षक ओंकार नाथ त्रिपाठी, बालकृष्ण पांडेय, काली सहाय त्रिपाठी, विनोद कुमार ओझा, जेएन यादव, वरुण द्विवेदी, आलोक तिवारी समेत तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।