मौसम की बिगड़ी चाल तीन जिंदगियों पर भारी पड़ी। गरज चमक संग हुई बारिश के दौरान शुक्रवार को बिजली गिरने से मंडल के पश्चिम शरीरा, चरवा और फाफामऊ में एक महिला और एक बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। आपदा का शिकार हुए लोगों में दो सगे भाई शामिल हैं, जिनमें एक की जान चली गई। उधर ठंडी हवाओं संग हुई बारिश से तापमान लुढ़क गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को भी बारिश के आसार हैं।
सोरांव क्षेत्र के मलाकहरहर निवासी श्याम नाथ पांडेय (60) छोटे भाई प्रमोद नाथ पांडेय (53) के साथ शिवरात्रि पर गंगा स्नान करने फाफामऊ गए थे। घाट से लौटते समय कछार में गिरी बिजली की चपेट में दोनों भाई आ गए। श्यामनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमोद नाथ झुलस गए। प्रमोद रायबरेली में निबंधक कार्यालय में तैनात हैं।
कौशाम्बी के पश्चिम शरीरा इलाके में सेंगरहा गांव का सत्यम पाल पुत्र हीरालाल अपने दोस्त अभय पाल (10) पुत्र भानु पाल व अंकुश पाल (7) पुत्र बृजेश पाल के साथ पड़ोसी गांव डूड़ी बेलपत्र तोड़ने गया था। बच्चे वहां पहुंचे तो तेज बारिश होने लगी। सभी एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक बिजली गिरने से सत्यम की मौत हो गई और उसके साथी झुलस गए। चरवा इलाके के सझिया गांव में भी गोबर फेंकने निकली विमला देवी (45) पत्नी भैया लाल पर बिजली गिरी और उसकी जान चली गई।