हंडिया के चकमदा गांव के पास रविवार की शाम प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर इनोवा कार और ट्रक में हुई भिड़ंत में जख्मी तीसरे व्यक्ति की सोमवार को उपचार के दौरान एसआरएन अस्पताल में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर घर रवाना हो गए। हादसे में दो लोगों की मौत रविवार को ही हो गई थी। जख्मी एक व्यक्ति का उपचार अभी अस्पताल में चल रहा है। कार सवार संगम में अस्थि विसर्जन कर वाराणसी लौट रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।
इनोवा कार में संजय गुप्ता (45) पुत्र सुभाष चंद्र गुप्ता, सौरभ उर्फ सोनू गुप्ता (45) पुत्र गोपाल चंद गुप्ता, ड्राइवर हरेंद्र गर्ग सभी निवासी फिरंगीपारा, कोटा बिलासपुर, छत्तीसगढ़ सवार थे। उनके साथ बिलासपुर के ही चकरभाटा का रहने वाला पुरोहित श्याम दीक्षित भी था। संजय के भाई संजीव गुप्ता की पिछले दिनों मौत हो गई थी। उनकी अस्थियों को विसर्जित करने के लिए सभी रविवार को प्रयागराज आए थे।