महाकुंभ के मद्देनजर रेलवे ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप।
- फोटो : अमर उजाला।
महाकुंभ के स्नान पर्वों के दौरान प्रयागराज जंक्शन ही नहीं, बल्कि नैनी, छिवकी, सूबेदारगंज, प्रयाग जंक्शन और फाफामऊ स्टेशन पर यात्रियों के आने और जाने के लिए अलग-अलग रास्ता होंगे। मेले के दौरान यह व्यवस्था अलग-अलग तिथियों में 20 दिन प्रभावी रहेगी। महाकुंभ मेले में छह प्रमुख स्नान पर्व हैं। 13 को पौष पूर्णिमा तो 14 जनवरी को मकर संक्रांति का स्नान पर्व है।
इस दौरान इन रेलवे स्टेशन पर 12 से 16 जनवरी के बीच आने-जाने के अलग-अलग रास्ते होंगे। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर 28 से 31 जनवरी, तीन फरवरी को बसंत पंचमी पर दो से पांच फरवरी तक, 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा पर 11 से 14 फरवरी तक, 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर 25 से 28 फरवरी तक यह व्यवस्था रहेगी।
डीआरएम प्रयागराज हिमांशु बडोनी ने बताया कि उक्त अवधि में रेलवे की पार्सल सेवा भी बंद रहेगी, साथ ही स्टेशनों पर लगे एस्केलेटर भी बंद रहेंगे। स्टेशनों की वाहन पार्किंग भी उक्त अवधि में बंद करने का निर्णय लिया गया है।