प्रयागराज की सब्जियों की मांग अब विदेशों तक हो गई है। भिंडी के साथ लोबिया और बैगन का भी निर्यात होने लगा है। इस सीजन में अब तक 600 क्विंटल सब्जियां खाड़ी देशों को भेजी जा चुकीं हैं। अब अगले सीजन के लिए निर्यात की तैयारी शुरू हो गई है।
गंगा नदी के कछारी इलाके में सब्जियों और तरबूज की बड़े स्तर पर खेती होती है। आसपास के राज्यों में भी यहां से सब्जियां भेजी जाती हैं। अब विदेश में भी निर्यात होने लगा है। पिछले वर्ष भिंडी दुबई और शारजाह भेजी गई थी। अब लोबिया और बैगन की भी मांग होने लगी है। सब्जी की खेती करने वाले किसान मुन्ना पटेल ने बताया कि इस सीजन में 300 क्ंिवटल भिंडी का निर्यात हुआ है।
इतनी ही मात्रा में लोबिया और बैगन का भी निर्यात किया गया है। उन्होंने बताया कि जाड़े की सब्जियों की भी मांग है। इसके लिए निर्यात करने वाले व्यापारियों ने संपर्क किया है। निर्यात की तैयारी की जा रही है।