उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय श्रीनेत 18 मई को कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। हालांकि प्रदेश सरकार ने 18 अप्रैल को ही उन्हें इस पद पर नियुक्त कर दिया था, लेकिन औपचारिकताएं पूरी होने में तकरीबन एक माह का वक्त लग गया। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार नए अध्यक्ष मंगलवार सुबह ज्वाइन करेंगे।
अभ्यर्थियों को आयोग के नए अध्यक्ष से काफी उम्मीदें है और इसके लिए उन्होंने अपनी मांगों की लंबी फेहरिस्त भी तैयार कर रखी है। संजय श्रीनेत ने एएन झा हॉस्टल में रहकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की थी। ऐसे में इलाहाबाद विश्वविद्यालय और डेलीगेसी के छात्रों को नए अध्यक्ष से काफी उम्मीदें हैं। हालांकि नए अध्यक्ष ऐसे वक्त में ज्वाइन करने जा रहे हैं, जब कोविड महामारी ने पांव पसार रखे हैं और इस दौर में भर्ती परीक्षाओं का आयोजन कराना आयोग के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होगा।