अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने सोमवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद का नाम बदल कर भाग्यनगर किए जाने के सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन किया। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि मुगलों ने देश में सैकड़ों वर्ष के अपने शासन के दौरान देश के कई प्राचीन शहरों का नाम बदल कर उनका इस्लामीकरण किया था। अब ऐसे प्रतीकों को बदले जाने का वक्त आ गया है। जिस तरह पांच सौ साल बाद इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और फैजाबाद का नाम अयोध्या किया गया, उसी तरह हैदराबाद का भी नाम बदल दिया जाना चाहिए।
महंत नरेंद्र गिरि ने एआईएमआईएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर तंज भी कसा। कहा कि हो सकता है कि हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर किए जाने से ओवैसी का भी भाग्य बदल जाए। ओवैसी की ओर से हैदराबाद का नाम बदले जाने का विरोध किए जाने पर उन्होंने एतराज जताया। कहा कि हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर किए जाने के बाद शहर का विकास भी होगा।
गुरु नानक देव के बताए मार्ग पर चलने का संदेश
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि इस दिन लोगों को गुरु नानक देव के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।