थाना क्षेत्र के भीटा गांव के पास विगत 17 फरवरी को ई-रिक्शा से ससुराल जा रही महिला के गले से चेन छीनकर भागे बाइक सवार दो बदमाशों को पुलिस ने पकड़ गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों से लूट में प्रयुक्त बाइक सहित चेन की बिक्री के बाद मिले अस्सी हजार रुपये बरामद किया गया है।
विगत 17 फरवरी को शाम करीब चार बजे सविता द्विवेदी पत्नी कमल द्विवेदी निवासी चटकहना थाना औद्योगिक क्षेत्र घूरपुर के बिरवल गांव अपने मायके से निमंत्रण में शामिल होकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। भीटा गांव के पास पीछे से आए बाइकसवार बदमाश सविता के गले से सोने की चेन खींचकर भाग निकले थे। घटना के बाद पीड़िता ने घूरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
बृहस्पतिवार लूट का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी घूरपुर दिनेश सिंह ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस टीम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए बदमाशों तक पहुंच गई। बदमाशों की पहचान इंतजार अहमद निवासी मारियाडीह थाना पुरामुफ्ती और धूमनगंज निवासी रहजान अहमद के रूप में हुई है।
बाइक इंतजार अहमद की थी और घटना के दिन भी वही उसे चला रहा था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से घटना में शामिल बाइक और सोने की चेन की बिक्री के बाद मिले अस्सी हजार रुपये नकद बरामद किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।