प्रयागराज जंक्शन पर प्लेटफाॅर्म-पांच के ठीक बाद सात आ जाना और छह नंबर का अता-पता न होना, आम मुसाफिरों के लिए मुसीबत बन गया है। अमर उजाला ने जब इस मुद्दे को उठाया तो यह मामला रेलवे बोर्ड और रेलमंत्री के दरबार तक पहुंच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फूलपुर के विधायक दीपक पटेल ने रेलमंत्री को एक पत्र भेजा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से मांग की है कि जंक्शन पर प्लेटफाॅर्मों की नंबरिंग को क्रम से किया जाए।
दूसरी ओर अमर उजाला के इस मुद्दे को उठाने के बाद सांसद प्रवीण पटेल ने भी इस पर संज्ञान लिया है। सांसद ने कहा कि जंक्शन उन्हीं की लोकसभा में आता है। वह जल्द ही उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के महाप्रबंधक से मुलाकात कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए कहेंगे। कहा कि अगर छह नंबर प्लेटफाॅर्म को सीधे दस नंबर कर दिया जाए तो काफी हद तक नंबरों का यह असमंजस खत्म हो जाएगा।
दरअसल जंक्शन पर किसी ट्रेन का आगमन प्लेटफाॅर्म-छह पर होता है, तो यात्री स्वाभाविक रूप से पांच के बाद छह नंबर प्लेटफाॅर्म को तलाशते हैं। लेकिन यहां पांच के बाद सात नंबर प्लेटफाॅर्म होने से कई बार यात्रियों की ट्रेनें छूट जाती हैं।