prayagraj news : माघ मेले में मौनी अमावस्या की तैयारी में जुटा प्रशासन।
- फोटो : prayagraj
उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने की वजह से प्रयागराज में संभावित बाढ़ का संकट फिलहाल टल गया है। सोमवार को प्रयागराज प्रशासन को सूचना मिली कि हरिद्वार में बाढ़ का पानी नहीं पहुंचा है। वहां उत्तराखंड सरकार एवं स्थानीय प्रशासन ने पानी का ज्यादा प्रभाव आगे नहीं बढ़ने दिया है। ऐसे में अब प्रयागराज के माघ मेले में अब कोई संकट नहीं है। साथ ही प्रयागराज में गंगा किनारे रह रहे हजारों कल्पवासियों को भी इससे बड़ी राहत मिली है।
उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने की घटना के बाद रविवार दोपहर से ही प्रयागराज में हड़कंप मचा हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा को देखते हुए प्रयागराज प्रशासन ने यहां माघ मेला क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया था। लेकिन सोमवार को उत्तराखंड से जो खबर आई है वह राहत देने वाली है। एडीएम वित्त एवं राजस्व व प्राकृतिक आपदा एमपी सिंह ने बताया कि प्रशासन की टीम रविवार से लगातार उत्तराखंड के अफसरों से संपर्क बनाए हुए हैं। आज खबर मिली कि अभी पानी हरिद्वार तक ही नहीं आया है।