प्रयागराज की तरफ आ रही जयनगर गरीब रथ एक्सप्रेस में दर्द से कराह रही एक महिला यात्री की मदद के लिए कंडक्टर ने ट्रेन को रुकवा दिया। महिला को मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाई गई। जिसके बाद महिला ने रेल प्रशासन व चेकिंग स्टाफ को धन्यवाद भी दिया। उधर रेलवे प्रशासन ने भी कोच कंडक्टर की सूझबूझ की सराहना की।
गरीब रथ एक्सप्रेस के जी-12 कोच की बर्थ नंबर 65 पर हामिया खातून नाम की महिला सफर कर रही थी। पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के बाद महिला को अचानक स्टोन (पथरी) का दर्द होने लगा। इस दौरान यात्रा कर रहे यात्रियों ने ट्रेन में कार्यरत चेकिंग स्टाफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रेन के कंडक्टर देवेंद्र सिंह ने प्रयागराज मंडल के कंट्रोल ऑफिस को पूरी स्थिति से अवगत कराया।
इसके बाद ट्रेन का स्टॉपेज न होते हुए भी ट्रेन को मिर्जापुर स्टेशन पर रोके जाने का मैसेज कंट्रोल रूम ने दिया। इसके बाद रात करीब दो बजे मिर्जापुर स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर महिला को डॉ. वीके सिंह ने मेडिकल ट्रीटमेंट दिया। ट्रीटमेंट मिलने पर महिला ने रेल प्रशासन व चेकिंग स्टाफ को धन्यवाद दिया।