उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड टीजीटी 2016 सामाजिक विज्ञान और कला के चयनित अभ्यर्थी विद्यालय आवंटन की मांग को लेकर शुक्रवार को तीसरे दिन बोर्ड कार्यालय के गेट पर डटे और नारेबाजी की। बारिश भी प्रदर्शन कर रहे छात्रों का हौसला नहीं डिगा सकी। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक उनका क्रमिक अनशन चलता रहेगा।
प्रतियोगी छात्र मृत्युंजय सिंह के नेतृत्व में चयन बोर्ड पर चयनित प्रतियोगी छात्र भारी संख्या संख्या में एकत्र हुये। उनकी मांग है कि टीजीटी 2016 सामाजिक विज्ञान और कला के चयनित अभ्यर्थियों का विद्यालय आवंटन शीघ्र किया जाए, सामाजिक विज्ञान और कला का विद्यालय पैनल शीघ्र भेजा जाए। अभ्यर्थियों का आरोप था कि तीसरे दिन भी चयन बोर्ड की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। संजीव नारायन ,सुनील कुमार पंडित ,जय देव पटेल ,रमेश वर्मा के नेतृत्व में चार छात्रों के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर जिला अधिकारी को सौंपा।
रोजगार की दरकार, पीएम और राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
युवा मंच के बैनर तले सिविल लाइंस स्थित धरनास्थल पर तीसरे दिन शुक्रवार को भी बेरोजगारों ने अपनी आवाज बुलंद की। रोजगार को मौलिक अधिकार बनाने और सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती विज्ञापन निकाले जाने की मांग की। प्रशासनिक अफसरों के जरिए अपनी मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री और राज्यपाल को भेजा। ज्ञापन के जरिए भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक कराने जैसी धांधली कराने के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की हे।
युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का फोकस सिर्फ और सिर्फ प्रोपेगैंडा पर है, जबकि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। एक तरफ रिक्त पदों को भरा नहीं जा रहा है। दूसरी तरफ चयन प्रक्त्रिस्या में धांधली का आलम है। इसके अलावा गत वर्ष 17 सितंबर के आंदोलन के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को आश्वस्त किया था कि सरकारी नौकरियों में खासकर शिक्षा विभाग में संविदा पर नौकरी नहीं होगी लेकिन संस्कृत शिक्षण संस्थाओं में इसकी शुरुआत हो चुकी है और देरसबेर इसे अन्य शिक्षण संस्थाओं में भी लागू किया जायेगा, प्रदेश का युवा इस संविदा व्यवस्था का चौतरफा विरोध करेंगे और 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर एक बड़े आंदोलन की घोषणा की जायेगी। युवा मंच संयोजक राजेश सचान, अध्यक्ष अनिल सिंह, सीएमपी पूर्व अध्यक्ष करन सिंह परिहार, इंजीं राम बहादुर पटेल, अरूण, संदीप अस्थाना, गौतम यादव, धर्म राज यादव, उमाशंकर सिंह , स्वराज अभियान के एम एल यादव आदि मौजूद रहे।