प्रश्न-पत्र केंद्राध्यक्ष की ओर से आधे घंटे पूर्व ही खोले जाएंगे। ऐसे परीक्षा केंद्र जिसमें एक या उससे अधिक महाविद्यालयों की परीक्षाएं हैं, उन महाविद्यालयों के छात्रों को एक साथ क्रमवार बैठाने की व्यवस्था की गई है। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों को 27 नवंबर तक सीसीटीवी कैमरे को नियंत्रण कक्ष से जोड़ना होगा। ऐसा न होने पर संबंधित कॉलेज को सामूहिक नकल की श्रेणी में रखा जाएगा और तीन साल के लिए डिबार कर दिया जाएगा।
अगर कोई कॉलेज सीसीटीवी कैमरों का पासवर्ड बदलता है तो इसकी सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष तक पहुंचानी होगी। कक्ष निरीक्षक भी मोबाइल नहीं रख सकेंगे। उत्तर पुस्तिका के मुख पृष्ठ और आंतरिक पृष्ठों पर महाविद्यालय की मुहर-सील को सामूहिक नकल में गिना जाएगा। परीक्षार्थी की कॉपी पर अंकन होने पर उनको नकल में दंडित किया जाएगा।
मंडल के 253 केंद्रों में होगी परीक्षा
विषम सेमेस्टर परीक्षा प्रयागराज मंडल के तहत प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी और फतेहपुर के 253 केंद्रों में आयोजित की जाएगी। सेंटरों की निगरानी के लिए 27 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। प्रयागराज में 118 परीक्षा केंद्र एवं 10 नोडल केंद्र, फतेहपुर में 35 परीक्षा केंद्र एवं छह नोडल केंद्र, कौशाम्बी में 24 परीक्षा केंद्र एवं दो नोडल केंद्र और प्रतापगढ़ में 76 परीक्षा केंद्र एवं नौ नोडल केंद्र बनाए गए हैं।