फतेहगंज पश्चिमी। रहपुरा जागीर गांव में एक किसान के घर में घुसे बारहसिंगा ने जमकर उत्पात मचाया और घर का काफी सामान तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे पकड़कर पीलीभीत के जंगल में छोड़ दिया।
शुक्रवार देर शाम जंगल से भटककर गांव रहपुरा जागीर में पहुंचा एक बारहसिंगा वीरपाल राजपूत के घर में घुस गया। घर में उछलकूद करते बारहसिंगा ने उनके कमरे में पहुंच गया। इस पर परिवार वालों ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया तो उसने वहां रखा फ्रिज, कूलर समेत काफी सामान तोड़ दिया। गांव वालों की सूचना पर रेंजर संतोष कुमार वन विभाग की टीम के साथ रात में ही मौके पर पहुंच गए। रात के अंधेरे में बारहसिंगा को पकड़ने में दिक्कत होने पर रेंजर दो वनकर्मियों को वहां तैनात करके चले गए। इसके बाद शनिवार सुबह टीम ने जाल लगाकर कमरे का दरवाज खोल दिया। जैसे ही बारसिंगा बाहर निकला, जाल में फंस गया। रेंजर ने बताया कि बारहसिंगा वयस्क था इसलिए उसे पीलीभीत के जंगल में छोड़ दिया गया है।