कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) 2020 टीयर वन की परीक्षा 4 से 12 अगस्त के बीच संपन्न हुई। परीक्षा में 40.42 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि लगभग 60 फीसदी ने परीक्षा छोड़ दी। एसएससी की ओर से परीक्षा 12 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच निर्धारित थी। लेकिन कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते प्रभाव की वजह से परीक्षा को स्थगित करना पड़ा था।
छूटे हुए अभ्यर्थियों की परीक्षा 4 से 12 अगस्त तक के बीच आयोजित की गई। पहले चरण यानी अप्रैल महीने में कुल 379682 अभ्यर्थियों को परीक्षा शामिल होना था। लेकिन 165445 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा में भाग लिया था। दूसरे चरण में यानी अगस्त में कुल 531592 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। जिनमें से 202921 ने भाग लिया। दोनों चरणों के लिए 911274 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। इसमें से 368366 ने परीक्षा दी। यानी 40.42 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा दी।
सीजीएल 2020 टीयर-1 परीक्षा में लिया जाएगा अंगूठे का निशान
एसएससी की ओर से सीजीएल 2020 टीयर-1 की परीक्षा आज से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 24 अगस्त तक चलेगी। कर्मचारी चयन आयोग ने कोविड-19 के चलते अभी तक परीक्षाओं में अभ्यर्थियों के अंगूठे का निशान नहीं ले रहा था। लेकिन अब सीजीएल 2020 टीयर-1 परीक्षा से अभ्यर्थियों के अंगूठे के निशान लिया जाएगा। अंगूठे का निशान लगाने से पहले और बाद में अभ्यर्थियों का हाथ सेनेटाइज कराया जाएगा।
दो परीक्षाएं एक दिन पड़ने से अभ्यर्थी परेशान
एसएससी की ओर से सीजीएल 2020 टीयर-1 की परीक्षा 24 अगस्त को प्रस्तावित है। ऐसे में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से पीपीटी की परीक्षा भी इसी तिथि पर होनी है। एक दिन में दो परीक्षाएं पड़ने से अभ्यर्थी परेशान है। ऐसी दशा में उन्हें किसी एक परीक्षा से वंचित होना पड़ेगा। अभ्यर्थियों ने मांग की कि किसी एक परीक्षा की तिथि में बदलाव किया जाए। ताकि अभ्यर्थी दोनों परीक्षा में शामिल हो सकें।