इलाहाबाद विश्वविद्यालय और कॉलेजों में बृहस्पतिवार से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो गईं। हालांकि, छुट्टियों के दौरान नेट और पीएचडी में प्रवेश की तैयारी के लिए इविवि के हिंदी विभाग में विशेष कक्षाओं की शुरुआत भी हो गई। इसका उद्घाटन हिंदी की विभागाध्यक्ष प्रो. चंदा देवी ने किया।
संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा 20 मई को आयोजित की जानी है। जल्द ही नेट का आयोजन भी होना है। इसी के मद्देनजर कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू की अनुमति से हिंदी विभाग में बृहस्पतिवार से विशेष कक्षाओं का संचालन शुरू किया गया। विशेष कक्षाओं में छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क तैयारी कराई जाएगी। इससे नेट और क्रेट की तैयारी में जुटे अभ्यर्थियों को काफी मदद मिलेगी। पहली औपचारिक कक्षा में प्रो. योगेंद्र प्रताप सिंह ने छात्रों को नेट की तैयारी के बारे में जानकारी दी। संयोजक अमरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कक्षाओं में हिंदी नेट के लिए जरूरी सेलेबस के सभी पक्षों के बारे में विद्यार्थियों जानकारी दी जाएगी और इसके लिए प्रति दिन दो घंटे कक्षाएं चलाई जाएंगी। प्रो. शिव प्रसाद शुक्ल एवं प्रो. संतोष भदौरिया ने विद्यार्थियों को गहन अध्ययन के लिए प्रेरित किया। विभाग के ही अध्यापक कक्षाएं लेंगे। इसमें संघटक कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी शामिल किए जाने की योजना है।